यमुनानगर , सितंबर 23 -- हरियाणा सरकार ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाये जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत शहर में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में बैठक आयोजित की गयी।
बैठक की अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने की। इसमें नगर निगम के सभी 22 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाये और स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाए। सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं और सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और आम नागरिकों को इससे जोड़ें।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्षद अपने वार्ड में स्वच्छता प्रहरी की भूमिका निभाएं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वच्छता की अहम भूमिका है। यह लक्ष्य तभी हासिल होगा जब स्वच्छता सरकारी अभियान तक सीमित न रहकर जन-आंदोलन बने।
बैठक में स्वच्छता के साथ पौधारोपण अभियान को गति देने पर भी जोर दिया गया। पार्षदों से अपने वार्डों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों को विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 50 लाख रुपये, द्वितीय स्थान वाले वार्ड को 25 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 15 लाख रुपये की राशि वार्ड में विकास कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित