ललितपुर , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के जखौरा क्षेत्र में सोमवार को बाइक से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद छह माह की मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के ग्राम जमौरा निवासी दीपिका पाल (22) पत्नी सुंदर पाल अपनी छह माह की पुत्री के साथ मायके थाना पूराकलॉ क्षेत्र के ग्राम एवनी गई हुई थी। सोमवार को उसका चचेरा देवर बाइक से उसे वापस घर लेकर आ रहा था। दीपिका अपनी मासूम पुत्री को गोद में लेकर बाइक पर बैठी थी। जब वे जखौरा-बांसी मार्ग पर स्थित खोडन नदी के समीप पहुंचे, तभी अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दीपिका बच्ची सहित सड़क पर गिर गई। हादसे में दीपिका के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी गोद में मौजूद छह माह की बच्ची सुरक्षित बच गई।
राहगीरों ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दीपिका को मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित