कोट्टायम , सितंबर 23 -- केरल में तिरुवल्ला के एक निजी क्लिनिक में हाथ की चर्बी हटाने की सर्जरी के बाद एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान मुंडुकुझी, वेंकोट्टा के पुथुपरम्बिल हाउस की रहने वाली वी.जी. विद्या के तौर पर हुई है। विद्या ने 16 सितंबर को तिरुवल्ला के इदिंजिलम में एक निजी क्लिनिक में चर्बी हटाने की सर्जरी करवायी थी। सर्जरी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गयी, जिसके बाद उन्हें तिरुवल्ला के एक निजी चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां मंगलवार की रात अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

सूत्रों के मुताबिक, वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। उनके रिश्तेदारों ने तिरुवल्ला पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है और आरोप लगाया है कि सर्जरी के दौरान इलाज में गंभीर लापरवाही के कारण उनकी मौत हुई। इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

क्लिनिक प्रशासन ने हालांकि इलाज में किसी भी तरह की चूक से इनकार किया है और कहा है कि प्रक्रिया के दौरान विद्या को हृदयघात हुआ, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गयी।

कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। विद्या के परिवार में उनके पति एस. संतोष और बेटे सिद्धार्थ और संगीत हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और शिकायत की जांच से ही चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित