पटना , जून 03 -- टना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से विकसित बांस घाट स्थित अत्याधुनिक शवदाह गृह में कल से आम नागरिकों के लिए अंत्येष्टि सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी। इस अवसर पर बुधवार को परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की गई।इस दौरान पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू , उपमहापौर श्रीमति रेशमी कुमारी, पार्षदगण, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी एवं ईशा फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित यह अत्याधुनिक परिसर नागरिकों को स्वच्छ, व्यवस्थित, गरिमामय एवं पर्यावरण-अनुकूल अंतिम संस्कार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
परिसर में एक साथ लगभग 18 अंत्येष्टि सम्पन्न किए जाने की व्यवस्था विकसित की गई है, जिसमें 4 विद्युत शवदाह , 6 लकड़ी आधारित शवदाह तथा 8 पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त श्रद्धांजलि एवं पूजा-अर्चना के लिये प्रार्थना स्थल, प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं।
शवदाह गृह के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी अनुभवी संस्था ईशा आउटरीच को सौंपी गई है, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाओं का संचालन सुनिश्चित करेगी।नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंत्येष्टि सेवा के लिए बुकिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। परिजन आवश्यकतानुसार निर्धारित मोबाइल नंबर पर संपर्क कर अथवा ई-मेल के माध्यम से भी बुकिंग एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त परिसर में उपलब्ध सहायता केंद्र पर भी नागरिकों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे कठिन समय में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि बांस घाट स्थित यह अत्याधुनिक शवदाह गृह कल से आमजन के लिए पूर्ण रूप से संचालित होगा और नागरिकों को एक ही परिसर में आधुनिक, पारंपरिक एवं पर्यावरण-अनुकूल अंत्येष्टि सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित