गढ़मुक्तेश्वर , दिसम्बर 05 -- जाने-माने अधिवक्ता एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल की अस्थियां शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा नदी में प्रवाहित कर दी गयी।

श्री कौशल की पुत्री बांसुरी स्वराज ने विधि-विधान के साथ उनकी अस्थियों को गंगा नदी में प्रवाहित किया। सुश्री स्वराज आज सुबह श्री कौशल की अस्थियों को लेने के लिए लोधी रोड श्मशान घाट पहुंची और वहां से अस्थियां चुनकर उन्हें लेकर गढ़मुक्तेश्वर गयीं और पिंड पूजन कर गंगा नदी में प्रवाहित किया।

इस मौके पर उनके परिजनों के अलावा गाजियाबाद से सांसद अतुल गर्ग, दिल्ली से भाजपा विधायक अनिल शर्मा, श्री श्याम शर्मा, श्री नीरज बसोया, श्री उमंग बजाज और श्रीमती शिखा रॉय, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के सदस्य राजीव बब्बर, दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।

सुश्री बांसुरी के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार श्री कौशल की स्मृति में रविवार को अपराह्न तीन बजे चाणक्यपुरी के पी.एस.ओ.आई. क्लब शोक सभा का आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि श्री कौशल गुरुवार को यहां के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित