जयपुर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बांसवाड़ा में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के लिपिक ग्रेड प्रथम (रीडर) संदीप कुमार नानावटी एवं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट के चालक (होमगार्ड) राहुल चंदेल को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी राहुल चंदेल को संदीप कुमार नानावटी के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में मुख्य भूमिका होने के कारण आरोपी संदीप कुमार नानावटी को भी गिरफ्तार किया गया।
श्री गुप्ता ने बताया कि एसीबी बांसवाड़ा को शिकायत की गई कि परिवादिया को जमानत मिलने के उपरांत उसकी जमानत खारिज नहीं कराने, न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में सजा नहीं दिलवाने तथा आगे प्रकरण में सहायता प्रदान करने की एवज संदीप कुमार नानावटी द्वारा दलाल राहुल चंदेल के माध्यम से रिश्वत मांगी जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिकायत का रविवार को सत्यापन के दौरान संदीप कुमार नानावटी एवं उसके दलाल राहुल चंदेल द्वारा परिवादिया एवं सहपरिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपियों द्वारा परिवादिया से दो हजार रुपए खर्चे-पानी के नाम पर मांगकर ग्रहण किए जाने की भी पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में एसीबी इकाई बांसवाड़ा के पुलिस उपाधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एसीबी टीम की ट्रेप कार्यवाही के दौरान आरोपी दलाल राहुल चंदेल संदीप कुमार नानावटी के लिए परिवादी एवं सहपरिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया वहीं प्रकरण में मुख्य भूमिका होने के कारण आरोपी संदीप कुमार नानावटी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित