जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को बांसवाड़ा में ग्लोबल बीएड कॉलेज बड़ोदिया के निदेशक सिद्धांत जैन, व्याख्याता सुनीता जैन एवं अध्यापक भूपेन्द्र जैन को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार एसीबी बांसवाड़ा इकाई को शिकायत मिली थी कि ग्लोबल बीएड कॉलेज, बड़ोदिया में अध्ययनरतपरिवादी एवं सहपरिवादी विद्यार्थियों से उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने तथा इंटर्नशिप के रिलीविंगलेटर जारी करने की एवज में कॉलेज के निदेशक, व्याख्याता एवं अध्यापक द्वारा रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
इस शिकायत पर रिश्वत मांग का सत्यापन के दौरान कालेज के निदेशक सिद्धांत जैन, व्याख्याता (राजनीति विज्ञान) सुनीताजैन एवं अध्यापक (रसायन विज्ञान) भूपेन्द्र जैन प्रत्येक विद्यार्थी से 20 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग करना तथा रिश्वत राशि लेने की सहमति व्यक्त करना पाया गया।
इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही के दौरान आरोपी भूपेन्द्र जैन को सहपरिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत मांग सत्यापन में मुख्य भूमिका पाए जाने पर आरोपी सिद्धांत जैन एवं सुनीता जैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित