कोंडागांव , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में शनिवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय बांसकोट में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकें दी गयीं।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य अमरसिंह नेताम, शाला विकास समिति के अध्यक्ष संजय शार्दूल, सदस्य छबिलाल नेताम तथा बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और पुस्तक वितरण से हुई।

इस अवसर पर प्राचार्य श्री नेताम ने पालकों से बच्चों की शिक्षा एवं विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। वहीं, शार्दूल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छबिलाल नेताम ने प्रेरणादायक उद्बोधन के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। आयोजन के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता तोषण कुमार साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य अमरसिंग नेताम ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित