भरतपुर , जुलाई 06 -- राजस्थान में करौली के पाँचना बांध से सोमवार को पानी छोड़े जाने की रस्म अदायगी के कुछ देर बाद ही तय समय पर नहर में पानी नहीं छोड़े जाने के विरोध में किसानों ने वजीरपुर उपखंड के कुंसाय गांव में हिंडौन-गंगापुर सिटी मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं सड़क पर बैठ गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। किसानों का कहना है कि सरकार ने सोमवार को पानी छोड़ने की घोषणा की थी, लेकिन देर शाम तक नहर में पानी नहीं पहुंचा। जिससे खरीफ फसलों की बुवाई पर संकट खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार पांचना बांध से पानी छोड़े जाने की खुशी में कुंसाय गांव में जल पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान गांव पहुंचने लगे थे। किसानों को उम्मीद थी कि घोषित कार्यक्रम के अनुसार नहर में पानी छोड़ा जाएगा।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक नहर में पानी नहीं छोड़ा जाएगा तब तक सड़क मार्ग अवरुद्ध किया जायेगा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित