ललितपुर , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार को गोविंद सागर बांध के पानी में लापता छात्र का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला चौबयाना निवासी कक्षा 12 के छात्र हर्षित (16) पुत्र महेश रायकवार रविवार को घर से बिना बताए निकल गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और गुमशुदगी की सूचना सदर पुलिस चौकी को दी थी।

सोमवार को परिजन हर्षित की तलाश करते हुए गोविंद सागर बांध पहुंचे, जहां बांध के पानी में उसका शव उतराता मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने छात्र की हत्या कर शव बांध में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित