उमरिया , जून 23 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सिवनी से लाई गई एक मादा बाघ शावक को मगधी रेंज के बहेरहा बाड़े में सफलतापूर्वक छोड़ दिया गया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे मादा बाघ शावक को बहेरहा बाड़े में मुक्त किया गया। यह बाघ शावक सिवनी जिले के दक्षिण वन मंडल क्षेत्र में एक जनहानि की घटना से जुड़ी थी तथा लगातार गांव के आसपास विचरण कर रही थी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग ने सोमवार को उसे पिंजरे में सुरक्षित पकड़ा था। इसके बाद वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य अधिकारियों की निगरानी में उसे सिवनी से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व लाया गया।
श्री सहाय ने बताया कि उप संचालक, सहायक संचालक मगधी, वन परिक्षेत्र अधिकारी मगधी तथा सिवनी से आए वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी एवं अन्य वनकर्मियों की उपस्थिति में बाघ शावक को बाड़े में छोड़ा गया।
क्षेत्र संचालक ने बाड़े में उसका निरीक्षण किया, जहां उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। उन्होंने बताया कि बाघ शावक आराम से विचरण करती हुई देखी गई है। उन्होंने कहा कि मादा बाघ शावक की वैज्ञानिक तरीके से देखभाल की जाएगी तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में उपयुक्त समय आने पर उसे पुनः वन क्षेत्र में मुक्त किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित