उमरिया , मई 24 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा खेरवा टोला में शनिवार देर रात महिला पर हमला कर उसकी जान लेने वाले बाघ की आज रेस्क्यू के उपरांत मौत हो गई।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सूत्रों ने बताया कि पार्क की टीम ने पनपथा खेरवा टोला में महिला को मौत के घाट उतारने वाले बाघ का सफल रेस्क्यू कर उसे पिंजरे में कैद कर लिया था और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। परंतु रेस्क्यू के बाद जब पिंजरे को कैम्प में ले जाकर खोला गया तो बाघ नहीं उठा। परीक्षण करने पर उसकी मौत होना पाया गया।

वन्य प्राणी विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी और रेस्क्यू के दौरान ट्रैंक्युलाइजेशन में दिए गए अधिक डोज के कारण बाघ की मौत हुई है। हालांकि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सूत्रों ने कहा कि बाघ की मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात यह बाघ घर में सो रही 48 वर्षीय फूलबाई पाल को उठाकर ले गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। महिला को बचाने के प्रयास में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार मानपुर अस्पताल में जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित