उमरिया , जून 25 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में आज गुरुवार सुबह बाघ के हमले में एक युवक की मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चन्सुरा निवासी अन्नू रजक (58) महुआ गोही बीनने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, इंदवार थाना पुलिस तथा अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वन विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बांधवगढ़ क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और हाल के समय में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, निगरानी दल तैनात करने तथा जंगल जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार मृतक के परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित