उमरिया , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नीलगाय के शिकार के मामले में वन विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को धमोखर परिक्षेत्र की बसकुटा बीट के अंतर्गत झिरिया हार के राजस्व क्षेत्र में वन अमला नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान एक पेड़ के नीचे घास से ढकी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच करने पर वहां नीलगाय मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वाड बुलाया गया। वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी ने मृत नीलगाय का शव परीक्षण किया।

घटना की परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर आरोपियों की पहचान और मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच और साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नरेंद्र सिंह निवासी घुन्सू और नागेश्वर सिंह निवासी सेहरा टोला, थाना कोतवाली उमरिया को गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित