उमरिया , मई 11 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आज सुबह दो बाघों के आपसी संघर्ष में एक बाघ की मौत हो गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि आज सुबह लगभग साढ़े छह बजे खितौली परिक्षेत्र की पश्चिम बगदरी बीट स्थित ढमढमा कैंप के सुरक्षा श्रमिकों ने बाघों के लड़ने की आवाज सुनी थी।

इसके बाद गश्ती दल द्वारा ढमढमा क्षेत्र में सघन छानबीन की गई, जहां एक बाघ मृत अवस्था में मिला। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दूर से किए गए प्राथमिक परीक्षण में प्रथम दृष्टया बाघ की मौत आपसी संघर्ष के कारण होना पाया गया है।

उन्होंने बताया कि मृत बाघ के शरीर पर हमले के निशान मिले हैं तथा प्रथम दृष्टया उसके सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। घटना स्थल की घेराबंदी कर दी गई है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई के लिए हाथी गश्ती दल, डॉग स्क्वॉड तथा मेटल डिटेक्टर दल को भी सूचना दी गई है। समस्त कार्रवाई एनटीसीए की गाइडलाइन और एसओपी के अनुसार की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित