उमरिया , मई 29 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र के खेरवा गांव में बाघ हमले के बाद उपद्रव और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने बताया कि 24 मई को बाघ के हमले में एक महिला की मृत्यु हो गई थी, जबकि उसके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए थे। घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने टाइगर रिजर्व कर्मचारियों के साथ मारपीट की और वाहनों में तोड़फोड़ की थी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में दर्ज तीन अलग-अलग प्रकरणों में इंदवार थाना पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू उर्फ प्रेमलाल पाल, लक्ष्मण पाल, राधे पाल, रवि तिवारी, द्वारिका उर्फ अजय सिंह, चंद्रशेखर जायसवाल और धरमू पाल शामिल हैं।

उमरिया पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित