उमरिया , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के शुरुआती आठ दिनों में 4598 पर्यटकों ने भ्रमण किया। इनमें 4461 भारतीय और 137 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। इस दौरान कुल 926 वाहनों से पर्यटक पार्क पहुंचे।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र के पर्यटन द्वार एक अक्टूबर को नए पर्यटन सत्र के लिए खोले गए थे। इससे पहले पिछले तीन महीने से केवल बफर क्षेत्र के पर्यटन द्वार खुले थे। कोर और बफर क्षेत्र एक साथ शुरू होने के बाद पर्यटकों की अच्छी संख्या दर्ज की गई है।
क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि पार्क के कोर क्षेत्र के सभी जोन के साथ बफर क्षेत्र में भी बाघों के दीदार हो रहे हैं, जिससे पर्यटकों में उत्साह है। उन्होंने बताया कि पर्यटन गतिविधियां राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित