उमरिया, अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर रेंज अंतर्गत सेमरा गांव में 20 अगस्त की रात्रि में एक मगरमच्छ के आ जाने की घटना घटित हुई। बरसाती नाले के उफान के कारण मगरमच्छ गांव के बाहरी नाले के पुल पर आ गया था जिसका आज देर शाम बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम ने सफल रेस्क्यू किया है ।
क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही मानपुर रेंज के रेंज अधिकारी के निर्देशन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से बिना किसी नुकसान के मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा। प्राथमिक जांच के बाद उसे सोन नदी में छोड़ दिया गया है।
उन्होंने ने बताया कि बारिश के मौसम में अक्सर जल स्तर बढ़ने से मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव नालों के रास्ते गांव की तरफ आ जाते हैं। ग्रामीणों से अपील है कि ऐसा जीव दिखने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को सूचना देवें।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू टीम के साथ ग्रामीणों ने 5 घंटे के अथक प्रयासों से रेस्क्यू कार्रवाई को सफल बनाया है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित