उमरिया , मई 26 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले बाघ का दोबारा शव परीक्षण जबलपुर स्थित स्टेट वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक अस्पताल में किया गया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि 24 मई को खेरवा टोला क्षेत्र में बाघ की मौत के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के अनुसार प्रारंभिक शव परीक्षण बांधवगढ़ में किया गया था।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अंतिम संस्कार रोककर बाघ के शव को जबलपुर स्थित स्टेट वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक अस्पताल भेजा गया, जहां अस्पताल के चिकित्सकों, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधियों तथा अखिल भारतीय बाघ संरक्षण संस्थान के अधिकारियों की मौजूदगी में दोबारा शव परीक्षण किया गया।

उन्होंने कहा कि शव परीक्षण रिपोर्ट और बाघ के शरीर से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना संभव नहीं है। अधिकारियों के अनुसार दोबारा शव परीक्षण के बाद बाघ के शव का जबलपुर में ही अग्नि संस्कार कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित