बांदा , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों सहित कुल 59 पुलिसकर्मियों का विभिन्न थानों और प्रकोष्ठों में स्थानांतरण किया गया है।

मंगलवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस लाइन से एक निरीक्षक को अपराध शाखा में तथा तीन निरीक्षकों को अतर्रा, बबेरू और गिरवां थानों में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से 13 उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण कर उन्हें विभिन्न थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कालिंजर थाना क्षेत्र की सढ़ा चौकी के प्रभारी का तबादला कर उन्हें साइबर क्राइम थाने में नियुक्त किया गया है।

जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल के पूर्व में किए गए स्थानांतरण आदेश निरस्त कर दिए गए हैं। साथ ही 43 अन्य पुलिसकर्मियों को नई तैनाती दी गई है, जिनमें पांच महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित