बांदा , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में विद्यालयों की व्यवस्थाओं और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। उपजिलाधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों ने जिले के 26 परिषदीय आवासीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया, जबकि 404 परिषदीय विद्यालयों का रैपिड सर्वे कराया गया।

जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परिषदीय आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए अधिकारियों को विद्यालय आवंटित किए गए थे। अधिकारियों ने संबंधित विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

वहीं, मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने 404 परिषदीय विद्यालयों में रैपिड सर्वे किया। इस दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, जलभराव, जर्जर एवं निष्क्रिय भवनों, भोजन की गुणवत्ता, फल और दूध वितरण के साथ शैक्षिक गतिविधियों तथा शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच की गई।

रैपिड सर्वे के बाद अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी। रिपोर्ट में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों से अनुपस्थित मिले शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस तरह का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित