बांदा , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मृत्यु हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने सोमवार को बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी संजय (30) , रामबाबू पटेल (35) और जनवारा गांव निवासी अरविंद रैकवार (35) बीती रात एक मोटरसाइकिल से चित्रकूट की ओर जा रहे थे कि उनकी अनियंत्रित बाइक सामने जा रही एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। घटना में सभी बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
उन्होने बताया कि हादसे में मौके पर अरविंद व संजय की मृत्यु हो गई। साथ ही रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने घायल रामबाबू को तत्काल चित्रकूट जिले के शिवरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां उसे भी मृत घोषित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित