बांदा , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार दो श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के चंदला थाना क्षेत्र के छठी भम्हौरी गांव निवासी राम नारायण गुप्ता (70) अपने भतीजे शत्रुघ्न गुप्ता (55) और एक दोस्त के पुत्र हल्कू त्रिवेदी (54) के साथ मोटरसाइकिल से आषाढ़ की अमावस्या के पर्व पर श्री कामतानाथ जी के दर्शन व श्री कामदगिरि की परिक्रमा के लिये चित्रकूट जा रहे थे कि आज देर शाम नरैनी - अतर्रा मार्ग पर स्थित पड़मई गांव के निकट अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक चालक शत्रुघ्न और पीछे बैठे हल्कू त्रिवेदी की मौके पर मृत्यु हो गई जबकि रामनारायण गुप्त घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि चालक मौके पर स्कॉर्पियो छोड़ भागने में सफल हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। दोनों शवों के पंचायत नामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित