बांदा , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के बांदा नगर में शुक्रवार को जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जल और कीचड़ भराव से युक्त सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध प्रदर्शन किया गया। गौरतलब है कि बांदा नगर की अनेको सड़कों और गलियों में वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति बनी हुई है। जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है।

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि जिला महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं में प्रदर्शन किया। मौके पर महिला पुलिस के बजाय पुलिस (पुरुष) टीम मौके पर पहुंची। वहीं महिलाओं की पुलिस से झड़पों के साथ धान की पौधों की खींचतान भी हुई। लेकिन बाद में महिला कांग्रेस अलीगंज से गोल कोठी मार्ग में धान की फसल की रोपाई करने में सफल हो गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों का मात्र ढिंढोरा पीटा जा रहा है। जबकि शहर की कई मुख्य मार्गों और गलियों में जल भराव और कीचड़ का संकट व्याप्त है। बच्चे स्कूल और मरीज अस्पताल जाने में असमर्थ हैैं। जल भराव और कीचड़ युक्त मार्गो व गलियों से संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना है। जिससे दुखी होकर आज जनहित में महिला कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन कर धान रोपाई कर विरोध दर्ज कराया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस का मौके में न पहुंचना आश्चर्य जनक है। मौके पर पुरुष पुलिस द्वारा महिलाओं से झड़पें कर धान की पौध खींचने में छीना झपटी की गई। वहां महिला पुलिस की मौजूदगी न होना भी आश्चर्य जनक है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जलभराव की समस्या का निदान शीघ्र न होने पर जिला महिला कांग्रेस मार्ग अवरुद्ध कर आगे और भी बड़ा आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित