बांदा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की पुलिस लाइन में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मृत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक परेड आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत आरक्षी को सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी भास्कर द्विवेदी प्रयागराज जनपद के करछना थाना क्षेत्र स्थित निरिया गांव के निवासी थे। वह एक नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में बांदा पुलिस लाइन में तैनात थे।
बताया गया कि ड्यूटी के लिए जाते समय वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित शोक सभा एवं शोक परेड में चित्रकूटधाम मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने दिवंगत पुलिसकर्मी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डीआईजी राजेश एस और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस विभाग परिवार के साथ खड़ा है और मृतक आश्रितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित