बांदा , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश की बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक कंपोजिट शराब की दुकान के विकलांग सेल्समैन का शव संदिग्ध अवस्था में दुकान के अंदर पड़ा मिला।
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की। जबकि पुलिस ने आत्महत्या की घटना होने का अनुमान लगाकर प्रत्येक बिंदुओं पर विस्तृत जांच शुरू की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि गर्गपुर गांव निवासी विकलांग दिनेश कुमार प्रजापति (32) बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निकट चंदौर गांव के चकला मजरा में संचालित कंपोजिट शराब की दुकान में कई वर्ष से नौकरी करता था। वह बीती रात्रि दुकान पर ही था। मंगलवार को देर तक दुकान न खुलने से परिजन व पड़ोसी पीछे से दीवाल कूद कर किसी तरह से दुकान के अंदर पहुंचे तो दुकान के अंदर तख्त़्त पर दिनेश मृत पड़ा मिला।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर उनके व अतर्रा थानाध्यक्ष तथा फॉरेंसिक टीम ने दलबल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ फिर भी घटना से संबंधित प्रत्येक बिंदु की जांच शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्यवाही होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित