बांदा , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र में चरित्रहीनता को लेकर एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के सहयोग से अपने सगे भांजे की लाठी से पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार शाम बताया कि सूरज निषाद अपनी ससुराल पैलानी डेरा गांव में रहता है। उसका पुत्र आलोक (21) तीन दिन पूर्व गुजरात प्रांत से कमाई कर गांव आया था। बीती रात्रि लगभग 12:30 बजे उसके मामा जगन्नाथ उर्फ गिददू ने चरित्रहीनता के मामले को लेकर अपने भांजे की सिर व नाक में लाठी से ताबड़ तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और घटना को अंजाम देकर हत्यारोपी मामा अपने भतीजे रज्जा सहित मौके से भागने में सफल हो गया।

पैलानी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हत्यारोपी मामा समेत दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। साथ ही घटना की विस्तृत जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित