बांदा , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पैलानी थाना क्षेत्र के मरझा गांव में बुजुर्ग की हत्या के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को मृतक के मित्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मरझा गांव निवासी शिवपूजन (70) अविवाहित थे और अपने छोटे भाई रज्जू के साथ रहते थे। सोमवार शाम वह गांव की एक किराना दुकान के पास बैठे थे। इसी दौरान उनका परिचित अनिल उर्फ गुड्डू उर्फ वोक्का वहां पहुंच गया।दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। कुछ देर बाद नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अनिल ने शिवपूजन को धक्का देकर गिरा दिया और डंडे से सिर पर कई प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल शिवपूजन को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर की गई जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के आरोप में अनिल उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित