बांदा , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला को लूटकर उसकी हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि गत 18 सितंबर को खम्हौरा गांव में 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला किशोरी देवी धान के खेत में थी। उसी समय बल्लान गांव निवासी ददुआ नामक व्यक्ति वहां से निकलकर अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था कि उसने वृद्धा को अकेला देख उसे लूट लिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करते हुए फरार हो गया।
घटना की सूचना पर तत्काल घायल वृद्धा को अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टपार्टम कराया और आरोपी की पहचान हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया तथा विस्तृत छानबीन कर जांच की गई व साक्ष्यों के संकलन के साथ ही आज अतर्रा कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग के निकट से हत्यारोपी ददुआ को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से वृद्धा की लूटी गई नाक की एक सोने की कील बरामद की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। जिसके बाद हत्यारोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित