बांदा , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की जांच टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने तथा गैस सिलेंडर खोलकर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार बरेहंडा गांव निवासी राजेश कुशवाहा लगभग छह माह पहले बिना वैध विद्युत कनेक्शन के आटा चक्की संचालित करते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में विद्युत विभाग ने उस पर 2.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। राजेश ने जुर्माने को गलत बताते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर पुनः जांच की मांग की थी।

शिकायत के निस्तारण के लिए विद्युत विभाग ने जांच टीम गठित की थी। टीम में अतर्रा क्षेत्र के अवर अभियंता अजय कनौजिया , बिसंडा क्षेत्र के अवर अभियंता संजय गुप्ता, बदौसा क्षेत्र के अवर अभियंता विजय बहादुर, लाइनमैन तनवीर तथा नारायण सिंह शामिल थे। बुधवार अपराह्न टीम जांच के लिए बरेहंडा गांव पहुंची।

आरोप है कि जांच के दौरान राजेश कुशवाहा तथा उसके परिजनों विवेक, मनीष, राजेंद्र और अमित ने टीम के साथ गाली-गलौज की, कैमरा बंद कराया और सभी कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की। आरोपियों ने गैस सिलेंडर खोलकर कर्मचारियों को आग के हवाले करने का भी प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित