बांदा , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मंगलवार को आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने एक पूर्व विधायक सहित कई नेताओं और बालू कारोबारियों के प्रतिष्ठानों तथा आवासों पर एक साथ छापेमारी की है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ईडी और आयकर विभाग की टीमों ने लगभग दो दर्जन स्थानों पर एक साथ छापा मारा। छापेमारी के लिए गठित करीब 20 टीमों में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

सूत्रों के मुताबिक बांदा शहर में पूर्व विधायक युवराज सिंह, उनके भाई मोरंग कारोबारी सीरजध्वज सिंह, बसपा के टिकट पर हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके और वर्तमान में भाजपा नेता दिलीप सिंह, बिजली ठेकेदार शशांक शेखर सिंह, अवनी परिधि अस्पताल के संचालक अज्ञात गुप्ता तथा व्यापारी शिव शरण सिंह और राहुल सिंह के प्रतिष्ठानों व आवासों पर जांच टीमों ने पहुंचकर वहां मौजूद लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए।

टीमों ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच तलाशी अभियान शुरू कर दस्तावेजों का मिलान किया। छापेमारी के दौरान पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा बल तैनात रहे तथा किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।

छापेमारी के संबंध में अधिकारियों ने पत्रकारों से दूरी बनाए रखी और कोई जानकारी देने से इनकार किया। समाचार लिखे जाने तक टीमों की कार्रवाई जारी थी।

स्थानीय आयकर अधिकारी शिव शंकर मिश्र ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के आदेश पर की गई है। इस संबंध में उन्हें भी पूर्व में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित