बांदा , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में बुधवार को एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव एक ही साड़ी के फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि अधाव गांव निवासी सुभाष (22) और रोशनी यादव (19) के शव एक पेड़ पर एक ही साड़ी के फंदे से लटके मिले। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।

पुलिस के अनुसार मृतका रोशनी की शादी घूरी गांव निवासी जग प्रसाद के साथ गत सात मई को हुई थी। शादी के बाद वह पहली विदाई पर मायके आई थी। बताया गया कि मंगलवार रात वह सज-संवर कर घर से निकली थी, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

बुधवार सुबह दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित