बांदा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने पोकलेन मशीन चालक की हत्या के आरोप में उसके हेल्पर को अवैध तमंचा सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि महोबा जिले के महोबा के खन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत अमृतपुर सिरसी कला निवासी 20 वर्षीय संजय उर्फ सोनी पाल कोलावल रायपुर (गिरवां) की मोरम खदान में पोकलेन मशीन चालक के रूप में कार्यरत था।

उन्होंने बताया कि 24/25 जनवरी की रात्रि चालक की आंख में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के हेल्पर मोहित, निवासी टीहर गांव, थाना बिवार, जनपद हमीरपुर, को गिरवां के निकट स्योढा पुल से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित