बांदा , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पूर्व परिचित के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए जिंदा जलाकर उसकी हत्या के प्रयास करने के आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्त ने बताया कि अतर्रा थाना क्षेत्र के चमरिया कुशल गांव निवासी उमेश और नरैनी थाना क्षेत्र की बाबूपुर गांव निवासी राम प्रकाश दोनों पूर्व परिचित ट्रक चालक थे। गत 21 सितंबर को उमेश ने राम प्रकाश को अपने गांव चमरिया कुशल के घर पर बुलाया और अज्ञात विवाद के चलते उमेश ने जान से मारने की कोशिश कर राम प्रकाश के ऊपर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। घटना में राम प्रकाश आग से बुरी तरह से झुलस गया जिसे गंभीर हाल में उपचार हेतु भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर विस्तृत जांच की और मेडिकल रिपोर्ट सहित विस्तृत जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पेट्रोल डालकर आग लगा कर जान लेेवा हमले के आरोप में उमेश को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित