बांदा , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के बांदा नगर में पुलों से नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की घटनाओं पर लगाम लगाने व वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के उद्देश्य से नदी के दोनों किनारो में मजबूत सुरक्षा जाली लगाने का कार्य बुधवार से शुरू किया गया। जिला प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि विकास प्राधिकरण द्वारा बाईपास और नदी के पुलों के दोनों ओर के किनारो पर आज से सुरक्षा जाली लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना में लगभग 58 लाख रुपए व्यय होगे। योजना से बाईपास व नदी में दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम होगी। बाईपास और पुल से आवागमन करने पर राहगीरों व चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही नदी में कूदने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।जिससे नदी में कूद कर आत्महत्या करने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगेगा और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा है कि जन सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राथमिकता के आधार पर यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिससे आमजन को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और भी प्रभावी बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा जाली लगाने का कार्य मानक के अनुरूप, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने और कार्य में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित