बांदा , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर एक अवैध नकली अपमिश्रित गुटका फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने बताया कि बांदा नगर के कालू कुआं क्षेत्र के शंकर नगर मोहल्ले में स्थित एक मकान पर छापा मारा गया। जहां अवैध अपमिश्रित नकली गुटका निर्माण हो रहा था। पुलिस ने रंगे हाथ गृह स्वामी /फैक्ट्री संचालक चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू नामक युवक को अवैध अपमिश्रित गुटका बनाते हुए गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि मौके से गुटका निर्माण की एक मशीन, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, शुभम नाम से 40 किलोग्राम और जबर नाम के छः किलोग्राम गुटका रैपर, बड़ी मात्रा में निर्मित व अर्ध निर्मित गुटका, सुपाड़ी व तंबाकू सहित लगभग साढे तीन लाख रुपए की लागत की गुटका निर्माण सामग्री आदि बरामद की।

उन्होंने बताया कि यह गुटका फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। जिससे तैयार गुटके सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से सप्लाई किए जाते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उसे आज न्यायालय की समक्ष पेश किया गया। जहां से अदालत ने उसे जेल भेजा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित