बांदा , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मटौन्ध थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की जिंदा जलकर मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सहायक पुलिस अधीक्षक/पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर मेविश टॉक ने बताया कि आज सुबह यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रेलर गिट्टी भरकर कबरई (महोबा) से आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर विपरीत दिशा में जा रहा था। मटौन्ध कस्बे के निकट दोनों वाहन अनियंत्रित होकर टकरा गए और उनमें आग लग गई।

इस दुर्घटना में सुल्तानपुर निवासी चालक सुरेश पांडे (55), आजमगढ़ के अहिरौला निवासी चालक सूरजनाथ (50) और खलासी शनि (30) की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, वहीं गिट्टी से भरे ट्रेलर का खलासी अभिषेक (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रेलर जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

पुलिस ने ट्रेलरों के नंबरों के आधार पर मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित