बांदा , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी मध्य प्रदेश निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि नरैनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी 15 वर्षीया किशोरी गत 24 सितंबर को गणेश पूजन के अवसर पर आरती हेतु घर से निकली थी। जिसे बहला फुसला कर दो युवकों ने मोटरसाइकिल में बैठा लिया और उसको सुनसान स्थान में ले जाकर दोनों ने बलात्कार किया। 28 सितंबर को घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कई टीम का गठन किया गया। जिसके बाद पुलिस ने सीमावर्ती मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के पिस्ता गांव निवासी रामहित और उमेश उर्फ़ सज्जन को गिरफ्तार कर आज न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
श्री कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित