बांदा , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के बांदा नगर में मंगलवार को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर मां दुर्गा के प्रति आस्था व्यक्त की गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर भ्रमण के बाद केन नदी के तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहने की संभावना है।

बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने बताया कि विसर्जन शोभायात्रा में बांदा नगर की करीब 350 और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 500 देवी प्रतिमाओं की झांकियां शामिल हुईं। इस दौरान बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।

शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रतिमाओं को रोककर पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान भोग-प्रसाद का वितरण भी किया गया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर भजन गाते तथा नृत्य करते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे। कई स्थानों पर शोभायात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा की गई और मिठाइयां खिलाकर उनका स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन भी हुआ।

अबीर-गुलाल से सराबोर श्रद्धालुओं के भजन-कीर्तन और नृत्य से पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा। शोभायात्रा के दर्शन के लिए सड़कों के किनारे और मकानों की छतों व छज्जों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। नगर भ्रमण पूरा होने के बाद केन नदी के तट पर देवी प्रतिमाओं का ससम्मान विसर्जन शुरू किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि देवी प्रतिमाओं का विसर्जन सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा रहा है। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रमुख विसर्जन स्थलों और शोभायात्रा मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित