बांदा , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दादी की हत्या के आरोप में मृतका के किशोर पोते को गिरफ्तार किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि खपटिहा कला गांव के नया डेरा निवासी माता दीन की पत्नी सुदामा (60) का शव उनके घर में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मृत्यु गला दबाकर किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतका के किशोर पोते को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दादी द्वारा टोके जाने और दुर्व्यवहार पर आपत्ति जताने से नाराज होकर किशोर ने मौका पाकर उनकी हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित