बांदा , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश के बांदा में जिला अधिवक्ता संघ ने बुधवार को ध्वनि प्रदूषण से बचाव के लिये तत्काल डीजे और लाउडस्पीकरों की ध्वनि नियंत्रित करने की मांग की है।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में आज लगभग तीन दर्जन अधिवक्ताओं ने चित्रकूट धाम मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर बताया कि नवरात्रि पर्व पर बांदा नगर सहित जिले में सेैकड़ों दुर्गा प्रतिमाओं की झांकियां की सजाई गई है। जहां अनावश्यक रूप से तेज ध्वनि में डीजे और लाउडस्पीकर बजाए जा रहे हैं। जिससे ध्वनि प्रदूषण के कारण नागरिकों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं के शिशुओं की सेहत खराब हो रही है। आवाज की तेज धमक से बुजुर्गों और बच्चों की हार्ट अटैक की संभावना बढ़ गई है।
ज्ञापन में संबंधित क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदारों को दुर्गा पंडालों की ध्वनि तत्काल नियंत्रित कराने का आदेश देकर उच्चतम न्यायालय द्वारा इस संबंध में जारी गाइडलाइन का पालन करने की मांग की गई।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने बताया कि चित्रकूट धाम मंडलायुक्त अजीत कुमार सिंह ने तत्काल करवाई किये जाने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित