बांदा , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहनों पर खतरनाक स्टंट करने वाले चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी मोटरसाइकिलें सीज कर दीं और चालान किया।

शनिवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर युवकों द्वारा जानलेवा स्टंट करने का वीडियो सामने आया था। इसे संज्ञान में लेते हुए यातायात पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई की। शुक्रवार शाम तीन तथा शनिवार को एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने चारों मोटरसाइकिलों को सीज कर कुल 42 हजार रुपये का चालान किया है। साथ ही इस तरह के स्टंट में शामिल अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए खतरनाक स्टंट न करें, क्योंकि इससे न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। सभी से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित