बांदा , सितंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र में रविवार को नाव सहित केन नदी के तेज जल प्रवाह में बहकर लापता मछुआरा लगभग 10 घंटे बाद जिंदा और सुरक्षित मिला। घटनास्थल से पांच किमी दूर नाव सहित जिंदा और सुरक्षित उसे पाकर पुलिस ने राहत की सांस ली और परिजनों के चेहरों की चमक वापस लौट आई। पुलिस ने बताया कि पैलानी थाना क्षेत्र के कुकुआ खास गांव निवासी जंग बहादुर निषाद (35) प्रतिदिन की भांति शनिवार को शाम मछली का शिकार करने नाव लेकर केन नदी गया था। जहां आदत के अनुसार वह नाव में सो गया था। मध्य रात्रि केन नदी का जल स्तर अचानक तेज बढ़ गया और नाव बह गई। जिसमें नाव सहित मछुआरा लापता हो गया। घटना की सूचना रविवार को परिजनो ने पुलिस को दी। सूचना पर तत्काल बाढ़ पीएसी और गोताखोरो की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

इसी बीच घटना स्थल से 5 किलोमीटर दूर स्थित सिंधनकला गांव के निवासियों ने थाना पुलिस को नदी के किनारे युवा मछुआरे की मिलने की सूचना दी। सूचना पर तत्काल मौके में पहुंची पुलिस ने सिंधन कला गांव की केन नदी की तट पर उसे सुरक्षित पाया।

पुलिस ने बताया कि नाव मछुआरा सहित तेज बहाव में बह गई थी। जो सिंधन कला गांव के निकट केन नदी के तट पर लगी थी और मछुआरा वहां पर सुरक्षित मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित