बांदा , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खेत में लगे बोरवेल की मरम्मत के दौरान कुयें में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि अजीतपारा गांव में शिव नारायण सिंह के खेत में लगे बोरवेल की मोटर का पंखा खराब हो गया था। उसे ठीक करने के लिए खेत का बटाईदार लालू (40) कुएं में नीचे उतरा। चेंबर के पास पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया। लालू को बेहोश होता देख खेत मालिक कृष्ण कुमार त्रिपाठी (45) उसे बचाने के लिए कुएं में उतरे, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। ऑक्सीजन की व्यवस्था कर एक व्यक्ति को कुएं में उतारा गया, जिसके बाद दोनों किसानों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने लालू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से बीमार कृष्ण कुमार त्रिपाठी को वीरांगना रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान देर शाम उनकी भी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित