बांदा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में करंट लगने से एक पिता- पुत्र की मृत्यु हो गई जबकि मां झुलस गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गिरवां थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव निवासी बाबूलाल (60) बांदा नगर के सिटी गार्डन मैरिज हॉल में गार्ड था। वह अपनी पत्नी मुन्नी (55) के साथ सिटी गार्डन में ही रहकर ड्यूटी करता था। शनिवार को उसका बेटा धीरेन्द्र (25) उनसे मिलने आया था। बीती देर रात्रि धीरेंद्र लोहे के तार में फैले कपड़े उठाने गया था जहां तार में दौड़ रहे विद्युत करंट की चपेट में आकर वह तड़पने लगा। शोर सुनकर पिता बाबूलाल और मां मुन्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया। घटना में पिता और पुत्र दोनों की मृत्यु हो गई और मां झुलस गई। सहायक पुलिस अधीक्षक/ पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक बताया कि सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भेजा। जहां पिता बाबूलाल और पुत्र धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया और मां मुन्नी को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित