बांदा , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र में कल देर रात सड़क पर घूम रहे आवारा सांड से टकराकर एक बाइक सवार की मृत्यु हो गई और घटना में दो सगे भाई घायल हो गए।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि औरैया जिले के चिरोल गांव निवासी प्रभात चतुर्वेदी (42), बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र की बरसड़ा बुजुर्ग गांव निवासी दो सगे भाई एजाज खां और सिराज खां के साथ बाइक से पैलानी कस्बे की ओर जा रहे थे कि अमलोर और पिपरहरी गाँव के बीच सड़क में घूम रहे आवारा सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई। घटना में तीनों बाइक सवार घायल हो गए।
सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने तीनों लोगों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां प्रभात चतुर्वेदी को मृत घोषित किया गया और घायल दोनों सगे भाइयों का उपचार शुरू किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मृतक की परिजनों को भेजी गई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित