बांदा , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र में पति -पत्नी विवाद को सुलझाने के दौरान एक ही परिवार के दो पक्षों में हुए विवाद में एक वृद्ध की मृत्यु हो गई जबकि दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि यह घटना साड़ासानी गांव में हुई जब राम अवतार वर्मा (75) अपने भतीजे कल्लू और उसकी पत्नी गुड़िया के विवाद का समझौता कराने गुरुवार रात्रि उसके घर पहुंचे। पति- पत्नी के बीच समझौता करने के प्रयास में परिवार के ही फूलचंद से उनका विवाद हुआ। जिसके चलते दोनों पक्षों ने लाठियां से एक दूसरे पर प्रहार शुरू किया। जिसमें राम अवतार और फूलचंद दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने घटना का मुकदमा पंजीकृत किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन भेजा। जहां गंभीर रूप से घायल राम अवतार को उपचार हेतु जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लेकिन परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर नहीं गए। कहीं निजी तौर पर इलाज कराते रहे।
उन्होंने बताया कि राम अवतार की हालत गंभीर हो जाने से उसे पुनः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही राम अवतार को वहां मृत घोषित किया गया। आरोपी फूलचंद को हिरासत में ले लिया गया है। उसे भी काफी छोटे आई है। आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित