बांदा , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के बांदा मंडल कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर 445 परिजनों ने निरुद्ध बंदियों से मुलाकात की जिसमें 324 महिलाओं ने जेल में निरुद्ध अपने भाइयों के रक्षा सूत्र बांधकर उनका मुंह मीठा कराया और उनके सुख समृद्धि व लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर जेल प्रांगण में विशेष प्रबंध किए गए। मुलाकाती स्थल की विशेष सजावट की गई। संबंधित संगीतों का मधुर स्वर भी सुनाई देता रहा।

जिला/ मंडल कारागार अधीक्षक शशिकांत सिंह ने बताया कि परिजनों की बंदियों से मुलाकात हेतु जेल परिसर में विशेष इंतजाम किए। मुलाकात 12 पालियों में संपन्न हुई। 445 महिला, पुरुष व बच्चों ने बंदियों से मुलाकात की जिसमें 324 बहनों ने मुलाकात कर अपने भाइयों को राखी बांधी और एक भाई ने जेल में निरूद्ध अपनी बहन से राखी बंधवाकर हर परिस्थितियों में रक्षा कर उसका साथ देने का संकल्प लिया। कारागार में निरुद्ध छह बंदियों ने भी पांच महिला बंदियों से मुलाकात कर राखी बंधवाई।

इस अवसर पर सभी जेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने सभी आगंतुकों और बंदियों को रक्षाबंधन की बधाई देकर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जेल अधीक्षक ने कहा कि रक्षाबंधन बहन भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक है। यह सिर्फ त्यौहार नहीं बल्कि रिश्तों में प्रेम, सम्मान, विश्वास और एक दूसरे के प्रति दायित्व निभाने का अटूट गठबंधन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित