पटना , दिसंबर 23 -- बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी मंगल पांडेय ने मंगलवार को कहा कि कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और एक हिंदू युवक की निर्मम मॉब लिंचिंग के खिलाफ उठी आवाज को ममता बनर्जी सरकार ने बल प्रयोग से कुचलने का प्रयास किया है, जो पूरी तरह निंदनीय है।

श्री पांडेय ने कोलकाता में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के विरोध प्रदर्शन पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लोकतंत्र की हत्या करार दिया । उन्होंने बयान जारी कर कहा कि कोलकाता में बांग्लादेश के डिप्टी हाई कमीशन के पास वीएचपी का प्रदर्शन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक था। प्रदर्शनकारियों की एकमात्र मांग थी कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमलों को रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो,लेकिन राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग के नाम पर निर्दोष कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हुए। उन्होंने सवाल किया कि क्या हिंदुओं की पीड़ा पर बोलना अब पश्चिम बंगाल में अपराध बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित