कोरबा , अगस्त 15 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद शुक्रवार को बांध के तीन गेट खोल दिए गए।

यह जानकारी आज दी गयी । इन गेटों से 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलाशय से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर प्रशासन ने बहाव की ओर क्षेत्रों में बाढ़ का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनीमाता बांगो जलाशय में जलभराव 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलाशय में लगातार बढ़ रहे पानी और बांध पर दबाव को देखते हुए तीन गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। इसके साथ ही नदी के किनारे स्थित 35 गांवों में मुनादी कराई गई है और लोगों से नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से अपनी संपत्ति सुरक्षित स्थानों पर हटाने की अपील की गई है।

प्रशासन ने बहाव की ओर क्षेत्र के लोगों को नदी के आसपास नहीं जाने और पानी के बढ़ते स्तर को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है। जलाशय से पानी छोड़े जाने के संबंध में कार्यपालन अभियंता की ओर से भी सर्वसाधारण, खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों के लिए सूचना जारी की गई है।

इस बीच स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बांगो डैम को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाता बांध लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित